8 जुलाई 2014 - 17:17
अफ़ग़ानिस्तान में राजनैतिक संकट के गहराने की आशंका।

अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव के एक प्रत्याशी अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह ने कहा है कि उनका दल चुनाव में जनता के मतों की रक्षा करेगा।

अफ़ग़ानिस्तान में राष्ट्रपति चुनाव के एक प्रत्याशी अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह ने कहा है कि उनका दल चुनाव में जनता के मतों की रक्षा करेगा।
उन्होंने मंगलवार को काबुल के लोया जिर्गा हॉल में अपने हज़ारों समर्थकों के बीच भाषण करते हुए कहा कि हम ज़ोर-ज़बरदस्ती स्वीकार नहीं करेंगे और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी किए गए दूसरे चरण के मतदान के आरंभिक परिणाम स्वीकार्य नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अमरीका के विदेश मंत्री जान केरी ने उन्हें फ़ोन करके कहा है कि वे अस्थायी रूप से समानांतर सरकार का गठन न करें।
अब्दुल्लाह अब्दुल्लाह ने अपने समर्थकों से कहा कि उनके मत सम्मानीय व मूल्यवान हैं और वे इस बात की कदापि अनुमति नहीं देंगे कि सही मतों का स्थान जाली मत ले लें। उन्होंने अपने समर्थकों से चुनाव में धांधली के मामले की सघन जांच के लिए तीन दिन का समय मांगा और कहा कि यदि इस दौरान सही जांच नहीं हुई तो वे समानांतर सरकार के गठन की घोषणा कर देंगे। उन्होंने कहा कि करज़ई सरकार, निर्वाचन आयोग और दूसरे उम्मीदवार अशरफ़ ग़नी अहमद ज़ई के चुनावी गुट ने, चुनाव के परिणामों में धांधली की है और वही देश में अशांति के लिए ज़िम्मेदार होंगे।